अंबिकापुर: सरगुजा जिले में फर्जी लोन स्कीम के जरिए करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गांधीनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने एक शिक्षिका समेत 10 लोगों को झांसे में लेकर करीब 3 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की थी। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार  दिव्या एक्का निवासी सरगवां ने 12 मई 2026 को थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता राजपुर ब्लॉक में शिक्षिका के पद पर कार्यरत है। उसने घर बनाने के लिए लोन लेने की योजना बनाई थी। इसी दौरान एक परिचित व्यक्ति ने उसे अनशिवआर्या फाउंडेशन ग्रुप कंपनी के संचालक शिवशंकर दास से मिलवाया। आरोपी ने खुद को बैंक में अच्छी पकड़ रखने वाला बताते हुए आसान लोन दिलाने का भरोसा दिलाया।आरोपी और उसके सहयोगियों ने पीड़िता को एक विशेष स्कीम का लालच दिया, जिसमें कहा गया कि जितना लोन मिलेगा उसका 60 प्रतिशत कंपनी में जमा करना होगा और बाकी 40 प्रतिशत राशि पीड़िता को मिलेगी, जबकि पूरे लोन की किस्त कंपनी खुद भरेगी। भरोसा दिलाने के बाद आरोपी ने पीड़िता से आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक स्टेटमेंट, सैलरी स्लिप समेत अन्य दस्तावेज ले लिए।इसके बाद आरोपी ने अलग-अलग बैंकों से पीड़िता के नाम पर करीब 41.08 लाख रुपये का लोन स्वीकृत कराया। लोन की राशि खाते में आने के बाद आरोपी ने अपने बताए खातों में कुल 28 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। कुछ महीनों तक किस्त जमा करने के बाद आरोपी ने भुगतान बंद कर दिया।

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी शिवशंकर दास से पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि क्रेशर व्यवसाय में नुकसान होने के कारण पैसों की जरूरत थी, जिसके चलते उसने फर्जी स्कीम बनाकर लोगों को ठगा। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर 9 अन्य लोगों से भी करीब 3 करोड़ रुपये की ठगी की है।पुलिस ने आरोपी शिवशंकर दास पिता राजू दास, उम्र 40 वर्ष, निवासी किशुनपुर थाना धौरपुर, जिला सरगुजा को 27 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पूरी कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में की गई। मामले की जांच और गिरफ्तारी में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी, एसआई अभिषेक दुबे, आरक्षक दीनदयाल सिंह और सुल्तान अहमद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!