
सागर: मध्यप्रदेश के सागर जिले के बंडा से जहरीली शराब से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। यहां जहरीली शराब के सेवन से 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 11 से ज्यादा मरीजों का बंडा सिविल अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि रविवार देर रात अचानक एक के बाद एक मरीज बंडा सिविल अस्पताल पहुंचने लगे। मरीजों की हालत गंभीर होने और लगातार मौतें होने से अस्पताल में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। डॉक्टरों ने तत्काल मामले की सूचना प्रशासन को दी।
जानकारी मिलते ही कलेक्टर प्रतिभा पालऔर एसपी अनुराग सुजानिया बंडा सिविल अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने अस्पताल में डॉक्टरों से मरीजों की स्थिति और मौतों के संभावित कारणों की जानकारी ली। इसके बाद प्रशासन और पुलिस की टीमों को अलग-अलग क्षेत्रों में जांच के लिए रवाना किया गया।प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, अस्पताल में फिलहाल 11 मरीज भर्ती हैं, जिनका उपचार किया जा रहा है। मरीजों की हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है। वहीं, घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
जहरीली शराब से मौतों की खबर सामने आने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस की सक्रियता बढ़ गई है। अधिकारियों द्वारा शराब के स्रोत और इसके सेवन से प्रभावित लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही हैघटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। प्रशासन की जांच पूरी होने के बाद ही जहरीली शराब के मामले में विस्तृत जानकारी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




















