

अंबिकापुर: सरगुजा जिले के अंबिकापुर शहर में ब्रम्हरोड स्थित राम मंदिर के सामने एक प्लास्टिक दुकान में लगी आग ने विकराल रूप ले लिया है। “मुकेश प्लास्टिक” नामक दुकान में आग लगने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। दुकान में रखे पटाखों के कारण लगातार तेज धमाके हो रहे हैं, जिससे आसपास के लोग दहशत में हैं।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। फिलहाल करीब 5 दमकल वाहन आग बुझाने में जुटे हुए हैं। आग की लपटें तेजी से फैलने के कारण आसपास के लोग भी शुरुआती समय से ही आग बुझाने में सहयोग कर रहे हैं, लेकिन प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामग्री के चलते आग पर काबू पाना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।दमकल कर्मी आसपास के मकानों की छतों से भी पानी की बौछार कर आग को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं। लगातार हो रहे विस्फोटों के कारण स्थिति संवेदनशील बनी हुई है और राहत-बचाव कार्य सावधानी के साथ किया जा रहा है।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर तैनात है। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की हिदायत दी गई है।
आगजनी की घटना को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए हैं, जिससे भीड़ भी बढ़ती जा रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक आशंका है कि इस हादसे में दुकान को भारी नुकसान हुआ है। दमकल विभाग के अनुसार, आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।
































