

जशपुर: जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी पंडरा पाठ के ग्राम अंबाडीपा में शासकीय काबिज जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद खूनी झड़प में बदल गया। एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष पर लाठी, डंडे और लोहे के सब्बल से जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बाप-बेटों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी जवाहर यादव (37 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके परिवार द्वारा वर्षों से घर के पास शासकीय काबिज जमीन का उपयोग खलिहान और गोठान के रूप में किया जाता रहा है। इसी जमीन को लेकर गांव के ही मदन यादव, ठाकुर दयाल यादव और सत्यपाल यादव लगातार अपना दावा करते हुए विवाद करते रहे हैं।घटना 20 अप्रैल की सुबह करीब 9:30 बजे की है, जब प्रार्थी पक्ष के लोग खलिहान में पैरा लेने पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपी पक्ष वहां पहुंचा और जमीन को अपना बताते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने लाठी, डंडे व लोहे के सब्बल से हमला कर दिया। इस हमले में बिहारी यादव, सुमित्रा यादव और जयंती यादव के सिर, माथे और पैरों में चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, घायलों को तत्काल शासकीय अस्पताल बगीचा में भर्ती कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351(2), 115(2), 191(3) और 109 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मदन यादव (61 वर्ष), ठाकुर दयाल यादव (36 वर्ष) और सत्यपाल यादव (32 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने और आरोप स्वीकार करने पर तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। साथ ही घटना में प्रयुक्त लकड़ी, डंडे और लोहे का सब्बल भी जब्त कर लिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी पंडरा पाठ उपनिरीक्षक सतीश कुमार सोनवानी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जमीन विवाद में कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। मामले की जांच जारी है।

































