

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित सिंघीतराई के वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां बॉयलर फटने से भीषण विस्फोट हुआ, जिसमें अब तक 20 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है, जबकि 30 से 40 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
दोपहर के काम के दौरान हुआ जोरदार विस्फोट, मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार प्लांट में रोज की तरह काम चल रहा था, तभी लगभग दोपहर 2 बजे अचानक बॉयलर में तेज धमाका हो गया। विस्फोट इतना भयानक था कि पूरे परिसर में भगदड़ मच गई और मजदूर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घायलों को अस्पताल में भर्ती, कई की हालत गंभीर
हादसे के बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया और गंभीर रूप से घायल मजदूरों को खरसिया के पद्मावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीएम विष्णुदेव साय ने जताया गहरा दुख, जांच के आदेश
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
गहन जांच के निर्देश, दोषियों पर सख्त कार्रवाई का ऐलान
सीएम ने स्पष्ट किया है कि घटना की गहन और निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जो भी इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन मौके पर मौजूद, राहत कार्य जारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि जिला प्रशासन को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
औद्योगिक सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
इस दर्दनाक हादसे के बाद औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले भी इस प्लांट में हादसे हो चुके हैं, लेकिन सुरक्षा उपायों में सुधार नहीं हुआ।

































