गंगटोक: सिक्किम के नामची जिले के सामरदुंग (झोलुंगे) स्थित एनएचपीसी की निर्माणाधीन तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना की सुरंग में हुए भीषण हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। जिला प्रशासन ने मंगलवार सुबह 4:40 बजे तक की स्थिति में इसकी आधिकारिक पुष्टि की है। सोमवार को भूस्खलन के बाद गैस रिसाव होने से कई मजदूर सुरंग के भीतर फंस गए। कई घंटे तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद 16 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।वहीं, सुरंग के भीतर अब भी करीब 27 मजदूरों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है, जिन्हें सुरक्षित निकालने के लिए युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान जारी है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर सुरंग के भीतर कथित गैस रिसाव की घटना के बाद वहां काम कर रहे कई श्रमिक अंदर ही फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सिक्किम पुलिस, फायर एवं इमरजेंसी सर्विस, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं और संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।प्रशासन ने बताया कि अब तक बरामद सात शवों को पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं के लिए सिंगताम जिला अस्पताल, एसटीएनएम अस्पताल गंगटोक और नामची जिला अस्पताल भेजा गया है।

नामची की जिला कलेक्टर अनूपा टमलिंग ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब 27 मजदूरों के सुरंग में फंसे होने की आशंका है। हालांकि, सुरंग के भीतर की वास्तविक स्थिति स्पष्ट नहीं होने के कारण अभी फंसे लोगों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा सकती।उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ की विशेष टीम सुरंग के अंदर प्रवेश कर चुकी है और बचाव अभियान जारी है। टीम के लौटने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि अंदर कितने मजदूर मौजूद हैं और उनकी स्थिति कैसी है।राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसएसडीएमए) पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। प्रशासन का कहना है कि राहत एवं बचाव कार्य पूरी गंभीरता के साथ जारी है और स्थिति से संबंधित नई जानकारी मिलने पर सार्वजनिक की जाएगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!