

सूरजपुर: इम्पैक्ट इंडिया फाउंडेशन की 256वीं लाइफ लाइन एक्सप्रेस परियोजना के अंतर्गत सूरजपुर जिले के बिश्रामपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 02 में 16 अगस्त से 05 सितम्बर 2026 तक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस "हॉस्पिटल ऑन व्हील्स" में प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से सायं 4 बजे तक ओपीडी सेवाएं संचालित होंगी, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच कर आवश्यकतानुसार निःशुल्क शल्य चिकित्सा की जाएगी।
शिविर में विभिन्न रोगों के लिए अलग-अलग तिथियां निर्धारित की गई हैं। नेत्र रोग अंतर्गत मोतियाबिंद एवं दृष्टिदोष से संबंधित जांच 16 से 21 अगस्त तक तथा शल्य क्रिया 17 से 22 अगस्त तक होगी। कान से संबंधित मध्य कर्ण शल्य क्रिया एवं ऑडियोमेट्री जांच 22 से 27 अगस्त तक तथा सर्जरी 23 से 28 अगस्त तक की जाएगी। कटे-फटे होंठ एवं जलने से उत्पन्न संकुचन के उपचार हेतु प्लास्टिक सर्जरी की जांच 28 से 31 अगस्त तथा शल्य क्रिया 29 अगस्त से 01 सितम्बर तक होगी। इसी अवधि में 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए अस्थि रोग सुधार शल्य चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध रहेगी। दंत रोग संबंधी जांच एवं उपचार 01 से 05 सितम्बर तक तथा महिलाओं के लिए स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की जांच व स्क्रीनिंग 16 से 21 अगस्त तक की जाएगी।
कलेक्टर रेना जमील ने जिलेवासियों से अपील की है कि लाइफ लाइन एक्सप्रेस के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों के सदस्य नेत्र, कान, दंत अथवा अस्थि संबंधी समस्याओं से पीड़ित हैं, वे निर्धारित तिथियों में शिविर स्थल पर पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श एवं उपचार अवश्य प्राप्त करें। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों तक इस शिविर की जानकारी पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधियों, मितानिनों एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से सक्रिय सहयोग का आह्वान भी किया है।
शिविर में उपचार हेतु आने वाले प्रत्येक मरीज को आधार कार्ड अथवा अन्य कोई पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। भर्ती किए जाने वाले मरीजों के साथ केवल एक परिजन को ही रहने की अनुमति दी जाएगी। अधिक जानकारी अथवा किसी भी प्रकार की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 7039673973 पर संपर्क किया जा सकता है।











