

बलरामपुर: जिले में नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण औषधि तथा खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा सही दवा-शुद्ध आहार अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत 27 अप्रैल 2026 से 11 मई 2026 तक विशेष जांच एवं निरीक्षण कार्यवाही की जा रही है। इस क्रम में औषधि निरीक्षक के नेतृत्व में जिले के विभिन्न मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान 08 औषधि विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों की जांच की गई तथा 19 दवाओं के नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए संग्रहित किए गए। साथ ही दवा विक्रेताओं को नियमानुसार दवाओं के भंडारण, विक्रय एवं अभिलेख संधारण के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान मां वैष्णवी मेडिकल एजेंसी, हानिया मेडिकल एजेंसी, मेहता मेडिकल, सक्ति मेडिकल, सजल मेडिकल एजेंसी, शंकर मेडिकल एजेंसी सहित अन्य मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया गया। साथ ही अन्य प्रतिष्ठानों की भी जांच की गई। जिले के समस्त नागरिकों से अपील की गई है कि केवल पंजीकृत मेडिकल स्टोर से चिकित्सक की पर्ची के आधार पर दवाईयां खरीदें। किसी भी प्रकार की समस्य होने पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन को सूचित करें।





















