रायपुर। स्वतंत्रता दिवस को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर नॉर्थ जोन पुलिस ने अड्डेबाजों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन के मार्गदर्शन में 2 दिन चले इस अभियान में लगभग 300 निगरानी/गुंडा तत्वों की चेकिंग की गई, जिसमें 130 लोगों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान आबकारी एक्ट में 100, आर्म्स एक्ट में 3 और प्रतिबंधात्मक धाराओं में 8 आरोपियों पर कार्रवाई हुई। साथ ही लंबे समय से फरार 6 स्थायी वारंटी सहित कुल 19 वारंट भी तामिल किए गए।

शराब, हथियार और असामाजिक तत्वों पर सख्ती
पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर दिनांक 10 और 11 अगस्त को थाना खमतराई, उरला, गुढ़ियारी, पण्डरी एवं खम्हारडीह क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया।

इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करते 100 व्यक्तियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 36(च) के तहत गुढ़ियारी, खमतराई एवं खम्हारडीह थानों में कुल 63 प्रकरण दर्ज किए गए। अवैध रूप से धारदार हथियार लेकर घूमते 3 आरोपियों के खिलाफ खमतराई और पण्डरी थाने में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। वहीं 8 गुंडा/निगरानी बदमाशों और संदिग्धों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा गया।

फरार वारंटी और चोरी के मामले में कार्रवाई
अभियान के दौरान पुलिस ने लंबे समय से फरार 6 स्थायी वारंटी, 11 गिरफ्तारी वारंटी और 3 जमानती वारंट सहित कुल 19 वारंट तामिल किए।

इसी क्रम में थाना उरला में दर्ज अपराध क्रमांक 278/26 धारा 303 बीएनएस के चोरी के प्रकरण में विधि के साथ संघर्षरत बालक और कबाड़ी मुकेश दास को पकड़ा गया। पूछताछ में बालक ने चोरी की बात स्वीकार कर चोरी का सामान उक्त कबाड़ी को बेचना बताया। दोनों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।

नॉर्थ जोन पुलिस ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस तक सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध शराब, हथियार, चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!