
नई दिल्ली/गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को गाजियाबाद पहुंचे। यहां राजनगर एक्सटेंशन में दिल्ली 6 मॉल से गोल्डन व्यू रिजॉर्ट तक आयोजित लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा में उन्होंने हिस्सा लिया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर जनसभा को संबोधित किया। इस आयोजन में गाजियाबाद के साथ आसपास के जिलों से आए जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता व समर्थक शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया।
1975 के आपातकाल का जिक्र कर कांग्रेस पर हमला
जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस देश को लोकतंत्र का पाठ पढ़ा रही है, जबकि यही वह पार्टी है जिसने 1975 में देश पर आपातकाल थोपा था। योगी ने कहा कि आपातकाल जैसी सोच रखने वाली कांग्रेस जब लोकतंत्र की बात करती है तो यह हास्यास्पद लगता है।उन्होंने कहा कि भारत का हर नागरिक लोकतंत्र के महत्व को समझता है और इसे कमजोर करने वाली ताकतों को जवाब देना जानता है। हालांकि, कांग्रेस और उसके सहयोगी दल इस सच्चाई को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं।
चुनाव हारने पर प्रक्रिया पर सवाल उठाता है विपक्ष
मुख्यमंत्री ने चुनावी नतीजों को लेकर भी विपक्ष को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल जीत मिलने पर जश्न मनाते हैं, लेकिन हार का सामना करने पर अपनी नाकामी स्वीकार करने के बजाय चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने लगते हैं।राहुल गांधी पर तंज कसते हुए योगी ने उनकी तुलना गांव के ऐसे लड़के से की, जो पढ़ाई नहीं करता और परीक्षा में लगातार असफल होने पर हर बार नया बहाना बनाता है।
परीक्षा में फेल होने वाले लड़के का किस्सा सुनाया
योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में एक उदाहरण देते हुए गांव के एक लड़के की कहानी सुनाई। उन्होंने बताया कि वह लड़का लगातार परीक्षा में फेल हो रहा था। पहली बार असफल होने पर उसने पिता से कहा कि उसने उत्तर सही लिखे थे, लेकिन शिक्षक ने उसकी कॉपी बदल दी।दूसरी बार फेल होने पर उसने परीक्षा में सिलेबस से बाहर के सवाल आने का बहाना बनाया। तीसरी बार उसने कहा कि परीक्षा के दौरान उसके पेन की स्याही खत्म हो गई थी। चौथी बार असफल होने पर उसने तर्क दिया कि सामने बैठा विद्यार्थी इतनी तेजी से लिख रहा था कि उसका ध्यान भटक गया।इस उदाहरण के जरिए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की स्थिति भी कुछ ऐसी ही हो गई है। अपने भ्रष्ट आचरण के कारण पार्टी जनता का विश्वास खो चुकी है।
2014 के बाद देश में सुरक्षा की स्थिति बेहतर होने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले देश में अविश्वास, अराजकता, नक्सलवाद, आतंकवाद और भ्रष्टाचार का माहौल था। उस समय आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करता था।उन्होंने दावा किया कि 2014 के बाद देश की तस्वीर में बड़ा बदलाव आया है। आज भारत पहले से अधिक सुरक्षित है और आतंकवाद तथा नक्सलवाद से मुक्त हुआ है। योगी ने कहा कि देश की जनता लोकतांत्रिक व्यवस्था और उसकी मजबूती को समझती है तथा लोकतंत्र को कमजोर करने वाली ताकतों को लगातार जवाब दे रही है।
दिल्ली 6 मॉल से गोल्डन व्यू रिजॉर्ट तक निकाली पदयात्रा
जनसभा के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पदयात्रा में शामिल हुए। उन्होंने दिल्ली 6 मॉल से गोल्डन व्यू रिजॉर्ट तक पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ पैदल मार्च किया। इस दौरान आसपास के जिलों से आए जनप्रतिनिधियों और बीजेपी पदाधिकारियों की भी भागीदारी रही।









