
दिल्ली : पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में एक परिवार के लिए बच्चे की छठी का जश्न बेहद दर्दनाक घटना में बदल गया। बुधवार देर रात हुए विवाद में बीचबचाव करने पहुंचे 30 वर्षीय जय सिंह उर्फ गंजू पर चाकू से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल जय सिंह को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सात दिन के बच्चे के पिता थे जय सिंह
पुलिस के मुताबिक जय सिंह कल्याणपुरी के सात ब्लॉक में परिवार के साथ रहता था और राजमिस्त्री का काम करता था। परिवार में माता-पिता और सात दिन का बच्चा है। बुधवार को नवजात की छठी का कार्यक्रम होने के कारण घर में रिश्तेदार और मेहमान जुटे हुए थे।देर रात जय सिंह घर के बाहर मौजूद था। इसी दौरान करीब 12:45 बजे 11 और 15 ब्लॉक के बीच सड़क पर शोर सुनाई दिया। आवाज सुनकर जय सिंह अपने ससुर बिट्टू और चाचा ससुर के साथ मौके पर पहुंचा।
सोनू की पिटाई रोकने पहुंचा था परिवार
बताया गया है कि सड़क पर कुछ लोग सोनू नाम के युवक से कथित अवैध शराब के ठिकाने के बारे में जानकारी मांग रहे थे। जानकारी नहीं मिलने पर उसके साथ मारपीट की जा रही थी। जय सिंह ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए विवाद शांत कराने की कोशिश की।इसी दौरान स्थिति अचानक हिंसक हो गई और आरोपियों ने जय सिंह पर चाकू से हमला कर दिया। उसे बचाने के प्रयास में उसके ससुर और चाचा ससुर भी घायल हो गए।
अस्पताल पहुंचने से पहले नहीं बच सकी जान
हमले के बाद तीनों घायलों को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने जय सिंह को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
चार लोगों पर आरोप, दो संदिग्ध पुलिस की हिरासत में
परिवार की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। शिकायत में दो किन्नरों समेत चार लोगों पर वारदात में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है।पुलिस अब घटना के पूरे क्रम, हमले में शामिल अन्य लोगों और विवाद की वास्तविक वजह की जांच कर रही है।




















