

छत्तीसगढ़ : दुर्ग जिले में अवैध गुटखा निर्माण और पैकेजिंग के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के कचांदूर गांव में एक किराए के गोदाम पर छापा मारकर पुलिस ने भारी मात्रा में तैयार गुटखा, मीठी सुपारी, कच्चा माल और निर्माण में इस्तेमाल होने वाली मशीनें बरामद की हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोदाम को डिटर्जेंट पाउडर बनाने के नाम पर किराए पर लिया गया था, लेकिन वहां अवैध रूप से जर्दा युक्त गुटखा तैयार किया जा रहा था।
शक होने पर गोदाम मालिक ने दी पुलिस को सूचना
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के अनुसार, सुपेला निवासी मोहम्मद मुस्तफा का यह गोदाम उत्तर प्रदेश निवासी मोहम्मद शान ने करीब 15 से 20 दिन पहले किराए पर लिया था। किरायेदार ने गोदाम में डिटर्जेंट पाउडर निर्माण का काम करने की जानकारी दी थी।
कुछ दिनों तक किरायेदार का कोई संपर्क नहीं हुआ और उसका मोबाइल फोन भी लगातार बंद मिलने लगा। इससे गोदाम मालिक को संदेह हुआ, जिसके बाद उसने जेवरा सिरसा चौकी पुलिस को इसकी सूचना दी।
छापे में मिला भारी मात्रा में अवैध सामान
सूचना के आधार पर पुलिस ने गोदाम में दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां से 32 बड़े बोरे तैयार गुटखा, 32 बोरे मीठी सुपारी, गुटखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल और मिक्सिंग मशीन बरामद की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया।
फूड सेफ्टी विभाग करेगा आगे की जांच
प्रारंभिक जांच में यह पुष्टि हुई है कि गोदाम में जर्दा युक्त गुटखा तैयार कर उसकी पैकेजिंग की जा रही थी। पुलिस ने बरामद सभी सामग्री खाद्य सुरक्षा विभाग को सौंप दी है, ताकि उसकी विस्तृत जांच की जा सके।
आरोपियों की तलाश जारी
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि मामले में शामिल लोगों की पहचान और तलाश की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस अवैध कारोबार का नेटवर्क कहां तक फैला हुआ था और तैयार गुटखा किन इलाकों में सप्लाई किया जा रहा था।





















