नई दिल्ली: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने वर्ष 2027 की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। बोर्ड के अनुसार, दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी। परीक्षा का आयोजन सुबह 10:30 बजे से किया जाएगा। परीक्षा की तारीखों की घोषणा के साथ ही लाखों विद्यार्थियों का इंतजार खत्म हो गया है।

सीबीएसई की ओर से 6 नवंबर को जारी अधिसूचना के मुताबिक, इस बार कक्षा 10वीं में लगभग 26.50 लाख और कक्षा 12वीं में करीब 19.80 लाख विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इस तरह दोनों कक्षाओं को मिलाकर लगभग 46.30 लाख परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा देंगे। बोर्ड ने परीक्षा शुरू होने से 101 दिन पहले डेटशीट जारी की है, जिससे विद्यार्थियों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके।

10वीं में 83 और 12वीं में 121 विषयों की परीक्षा

बोर्ड के अनुसार, कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों के लिए कुल 83 विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी, जबकि कक्षा 12वीं के छात्र 121 विषयों की परीक्षा देंगे। परीक्षा कार्यक्रम तैयार करते समय विद्यार्थियों की सुविधा और शैक्षणिक गतिविधियों को ध्यान में रखा गया है।

कई महत्वपूर्ण पहलुओं को ध्यान में रखकर तैयार हुई डेटशीट

सीबीएसई ने बताया कि परीक्षा कार्यक्रम बनाते समय ऐसे विषयों के बीच पर्याप्त अंतर रखा गया है, जिन्हें विद्यार्थी सामान्य तौर पर एक साथ चुनते हैं। इसके अलावा देशभर में आयोजित होने वाली प्रमुख प्रवेश परीक्षाओं की तारीखों और प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों की संख्या को भी ध्यान में रखा गया है।

बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा कार्यक्रम इस तरह तैयार किया गया है, जिससे मूल्यांकन प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों को लंबे समय तक स्कूल से दूर नहीं रहना पड़े। डेटशीट पहले जारी होने से छात्रों को विषयवार अध्ययन की योजना बनाने और परीक्षा की बेहतर तैयारी करने का अवसर मिलेगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!