

54 ग्रामीणों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण,25 पेयजल स्रोतों का किया गया जल शुद्धीकरण
बलरामपुर। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन में संभावित महामारी की रोकथाम एवं ग्रामीणों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत चेरा के आश्रित पंडो बाहुल्य हरिजन पारा में वृहद स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर के दौरान ग्रामीणों की विभिन्न स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक उपचार एवं परामर्श दिया गया। स्वास्थ्य टीम द्वारा 17 लोगों का रक्तचाप (बीपी) परीक्षण, 17 लोगों की शुगर जांच तथा 46 लोगों की हीमोग्लोबिन जांच की गई। साथ ही खुजली से पीड़ित 15 मरीजों, दर्द संबंधी समस्या वाले 5 मरीजों तथा दाद से प्रभावित 6 मरीजों का उपचार किया गया। 5 लोगों की कुष्ठ रोग संबंधी जांच भी की गई। शिविर में कुल 54 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाइयां एवं चिकित्सकीय सलाह प्रदान की गई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा ग्रामीणों को स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, मौसमी बीमारियों से बचाव तथा समय पर उपचार के महत्व के संबंध में स्वास्थ्य शिक्षा प्रदान की गई। साथ ही गांव में उपयोग किए जा रहे 25 पेयजल स्रोतों का जल शुद्धीकरण भी किया गया, ताकि जलजनित रोगों की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश दी कि किसी भी प्रकार की गंभीर स्वास्थ्य समस्या होने पर तत्काल मितानिन अथवा स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से संपर्क करें तथा आवश्यकतानुसार नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डिंडो पहुंचकर उपचार प्राप्त करें।आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी मितानिनों को आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में दुर्गम एवं दूरस्थ क्षेत्रों में पहुंचकर संभावित महामारी की रोकथाम के लिए नियमित निगरानी, स्वास्थ्य परीक्षण, जागरूकता और स्वच्छता संबंधी गतिविधियां लगातार संचालित की जा रही हैं। साथ ही मौसमी बीमारियों एवं स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जागरूक किया जा रहा है।





















