अंबिकापुर:  सरगुजा संभाग में पहली बार महिला पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विशेष ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन पुलिस लाइन अंबिकापुर में किया गया। सरगुजा पुलिस के मार्गदर्शन में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा सरगुजा, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) सरगुजा और लायंस क्लब अंबिकापुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में महिला पुलिसकर्मियों की स्वास्थ्य जांच के साथ उन्हें गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक झा तथा डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  रितेश चौधरी, रक्षित निरीक्षक अंबिकापुर  तृप्ति सिंह राजपूत, सूबेदार  गुलशन चंद्रा, सूबेदार  पेमिन वर्मा सहित सरगुजा रेंज के विभिन्न जिलों से महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. पीयू प्रकाश सक्सेनाने महिलाओं को ब्रेस्ट कैंसर के लक्षण, शुरुआती पहचान और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व की जानकारी दी। इसके साथ ही उपस्थित महिलाओं की स्क्रीनिंग कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया।

IMA सरगुजा के सचिव डॉ. अर्पण सिंह चौहान ने कहा कि महिला पुलिसकर्मी अपने कर्तव्यों के साथ परिवार और समाज की जिम्मेदारियां भी निभाती हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच और समय पर उपचार बेहद जरूरी है। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और समय पर स्क्रीनिंग के लिए प्रेरित करना है।

कार्यक्रम में IMA की चिकित्सकीय टीम ने भी सहयोग दिया। वहीं डॉ. श्रीकांत सिंह ने CPR का प्रशिक्षण देते हुए आपातकालीन स्थिति में प्राथमिक जीवनरक्षक सहायता देने की आवश्यक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया।

कार्यक्रम में आम नागरिकों, विशेषकर इच्छुक महिलाओं के लिए भी ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई। पुलिस विभाग, चिकित्सकों और सामाजिक संस्थाओं के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस पहल का उद्देश्य महिलाओं में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार के लिए प्रेरित करना रहा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!