
Balrampur Ganja Smuggling Case: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में गांजा तस्करी के एक पुराने मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। बसंतपुर थाना क्षेत्र मे लावारिस हालत मे मिली इनोवा कार से 70.390 किलो गांजा बरामद होने के मामले मे पुलिस ने मुख्य आरोपी अशोक कुमार यादव (43) को गिरफ्तार किया है। आरोपी महाराष्ट्र के पालघर का निवासी है। पुलिस ने फास्टैग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के जरिए उसकी पहचान की।
35 लाख रुपये का गांजा और 15 लाख की कार जब्त
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि ग्राम फुलीडुमर से महुवारी जाने वाले रास्ते पर एक इनोवा कार (MH 04 DY 9471) काफी समय से लावारिस खड़ी है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गवाहों की मौजूदगी मे मैकेनिक की मदद से कार का लॉक खुलवाकर तलाशी ली।
कार की डिक्की से भूरे रंग के टेप मे लिपटे 18 पैकेट मिले। इसके अलावा एक हरे रंग की प्लास्टिक बोरी के भीतर भी इसी तरह के 16 पैकेट रखे थे। जांच के दौरान सभी 34 पैकेटों मे गांजा पाया गया।
बरामद गांजे का कुल वजन 70.390 किलोग्राम है। इसकी अनुमानित कीमत 35 लाख 19 हजार 500 रुपये आंकी गई। तस्करी मे इस्तेमाल इनोवा कार भी जब्त की गई है, जिसकी कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।
ओडिशा से उत्तरप्रदेश ले जाया जा रहा था गांजा
पुलिस पूछताछ मे अशोक यादव ने बताया कि उसने मुंबई के एक व्यक्ति से इनोवा कार खरीदी थी, लेकिन वाहन का नामांतरण अपने नाम पर नही कराया था। कोरोना काल के दौरान दुकान बंद होने के बाद वह अपने गांव मिर्जापुर लौट आया और ड्राइवरी का काम करने लगा।
आरोपी के मुताबिक, जुलाई 2026 मे वह अपने कुछ साथियों के साथ ओडिशा के सुंदरगढ़ पहुंचा था। वहां इनोवा कार मे गांजा लोड किया गया। इसके बाद 22 सितंबर को वह छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तरप्रदेश जा रहा था।
ट्रक हादसे के बाद कार छोड़कर हुआ फरार
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वाड्रफनगर के आसपास एक ट्रक पेड़ से टकरा गया था। इसके चलते आगे चल रही कार ने अचानक ब्रेक लगा दिया और उसकी इनोवा उससे टकरा गई। टक्कर के बाद वह कार को तेज गति से भगाने लगा।
छत्तीसगढ़ और उत्तरप्रदेश की सीमा पर पुलिस की मौजूदगी की आशंका होने पर उसने कच्चे रास्ते पर इनोवा खड़ी कर दी और अपने साथियों के साथ फरार हो गया।
फास्टैग और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
लावारिस कार मिलने के बाद पुलिस ने उसके फास्टैग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसी जांच के आधार पर अशोक यादव की पहचान हुई और उसे हिरासत मे लिया गया।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय मे पेश किया। पुलिस अब इस तस्करी मे शामिल अन्य लोगो और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।











