जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में जुआ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पत्थलगांव पुलिस ने 9 लोगों को जुआ खेलते पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 63 हजार 470 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश की गड्डी जब्त की है। सभी के खिलाफ थाना पत्थलगांव में जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 11 अक्टूबर की रात करीब 12 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़ापारा में एक ढाबे के पीछे कुछ लोग ताश की पत्तियों पर रुपये-पैसे का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस ने कथित तौर पर जुआ खेल रहे 9 लोगों को पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपियों के नाम

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए लोगों की पहचान मुकेश यादव (45 वर्ष), निवासी मुड़ापारा; शरद बेहरा (38 वर्ष), धनुमणि यादव (39 वर्ष), दीपक बेहरा (34 वर्ष), हरि जायसवाल (36 वर्ष) और मनोज अम्बस्त (45 वर्ष), निवासी पाकरगांव; मधुसूदन यादव (38 वर्ष), निवासी करंगाबहाल; मोहम्मद फुल हसन (24 वर्ष), निवासी मुड़ापारा; तथा घनश्याम यादव (32 वर्ष), निवासी कछार के रूप में हुई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआ फड़ से 63,470 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की। मामले में सभी नौ आरोपियों के खिलाफ धारा 3(2) जुआ एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई की गई है।

इस कार्रवाई का पर्यवेक्षण एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश जायसवाल ने किया। पुलिस टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र ताम्रकार, उप निरीक्षक विद्याराम यादव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक जय प्रकाश कोराम, प्रधान आरक्षक त्रिनाथ यादव और अशोक नाग तथा आरक्षक आलोक मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जुआ के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी: एसएसपी

जशपुर के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जिले में जुआ के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पत्थलगांव क्षेत्र में जुआ खेलते नौ लोगों को पकड़ा गया है और उनके कब्जे से 63 हजार 470 रुपये नकद व ताश की पत्तियां जब्त की गई हैं। उन्होंने कहा कि जुआ के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!