बलौदाबाजार: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार करने वाली हत्या का मामला सामने आया है। बचपन के दोस्त द्वारा बार-बार मजाक उड़ाने, सूअर और काला-कुरूप कहकर चिढ़ाने तथा अपनी बहन पर गलत नजर रखने के शक से नाराज युवक ने अपने ही साथी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने लोहे के फावड़े से दोस्त के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए और फिर शव को बांध के पानी में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल फावड़ा और मृतक का मोबाइल जब्त कर लिया है।

मृतक की पहचान गिधौरी निवासी आदित्य टंडन (19) और आरोपी की पहचान किशन साहू (19) के रूप में हुई है। दोनों बचपन के दोस्त थे और साथ में मजदूरी भी करते थे। एक-दूसरे के घर आना-जाना था, लेकिन पिछले कुछ समय से दोनों के बीच आपसी विवाद और चिढ़ाने को लेकर तनाव चल रहा था।

बांध के पानी में मिला युवक का शव

पुलिस के मुताबिक, 14 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे सूचना मिली कि गिधौरी और घटमड़वा के बीच स्थित एनीकट के पानी में एक युवक का शव पड़ा है। सूचना पर गिधौरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान आदित्य टंडन के रूप में हुई।
आदित्य के सिर और माथे पर गंभीर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस को हत्या की आशंका हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई गई।

CCTV फुटेज से खुला हत्या का राज

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। इस दौरान पता चला कि 13 नवंबर की दोपहर आदित्य को किशन साहू के साथ घटमड़वा एनीकट की ओर जाते देखा गया था। उस समय किशन के हाथ में फावड़े जैसा हथियार भी नजर आया।संदेह के आधार पर पुलिस ने किशन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने आदित्य की हत्या करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लोहे का फावड़ा भी बरामद कर लिया गया।

बहन पर गलत नजर रखने का था शक, रंग को लेकर भी उड़ाता था मजाक

पुलिस की जांच में सामने आया कि किशन को शक था कि आदित्य उसकी बहन पर गलत नजर रखता है। इसके अलावा आदित्य कथित तौर पर उसके रंग-रूप को लेकर भी मजाक उड़ाता था और उसे सूअर तथा काला-कुरूप कहकर चिढ़ाता था। बार-बार अपमानित किए जाने और बहन को लेकर मन में शक होने के कारण किशन के मन में आदित्य के प्रति नाराजगी बढ़ती गई।इसी रंजिश में आरोपी ने आदित्य पर लोहे के फावड़े से हमला कर दिया। सिर और चेहरे पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने शव को बांध के पानी में फेंक दिया, ताकि घटना का पता न चल सके।एसडीओपी केके वासनिक ने बताया कि पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देश पर गिधौरी पुलिस, एफएसएल और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मामले की जांच की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।पुलिस ने आरोपी किशन साहू के खिलाफ गिधौरी थाने में अपराध क्रमांक 239/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) में मामला दर्ज किया है। आरोपी को 15 नवंबर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया कर रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!