सूरजपुर: एसईसीएल में नौकरी लगाने के नाम पर 3 लाख 55 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में चौकी खड़गवां पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर खुद को एसईसीएल का अधिकारी बताकर प्रार्थी से रकम ली और बाद में उसे फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम खड़गवां माझापारा निवासी ललित राम ने चौकी खड़गवां में शिकायत दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने आरोप लगाया कि निलेश पाल और उसके दो साथियों ने एसईसीएल में नौकरी लगवाने का झांसा देकर उससे कुल 3 लाख 55 हजार रुपये लिए। इसके बाद उसे फर्जी नियुक्ति पत्र देकर उसके साथ धोखाधड़ी की गई।शिकायत के आधार पर चौकी खड़गवां पुलिस ने अपराध क्रमांक 281/2026 के तहत धारा 318(4), 338 एवं 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल ने आरोपियों की पतासाजी कर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद चौकी खड़गवां पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी संसाधनों की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने दबिश देकर निलेश पाल पिता  पिन्टू पाल, उम्र 38 वर्ष, निवासी सरभोका, चौकी घाट के नीचे नागपुर, थाना पोड़ी, जिला एमसीबी को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर प्रार्थी से फोन-पे और नगद के माध्यम से रकम लेने तथा नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी करने की बात स्वीकार की है।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। कार्रवाई में चौकी प्रभारी खड़गवां मनोज सिंह सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!