

बलरामपुर: जिले के दिव्यांगजनों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिला अस्पताल में प्रत्येक शुक्रवार यूडीआईडी कार्ड निर्माण हेतु विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से स्कूली बच्चों एवं आमजनों के दिव्यांगता संबंधी पंजीयन, आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन, चिकित्सकीय परीक्षण तथा यूडीआईडी कार्ड निर्माण की समस्त प्रक्रिया एक ही स्थान पर पूर्ण की जा रही है।जिसके माध्यम से दिव्यांगजनों को एक विशिष्ट पहचान प्रदान की जाती है। यह कार्ड दिव्यांगता प्रमाण से संबंधित सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी एवं सुगम बनाता है। यूडीआईडी कार्ड के माध्यम से दिव्यांगजन केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, छात्रवृत्ति, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, सहायक उपकरण, कौशल विकास, यात्रा रियायत तथा अन्य विभागीय सुविधाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।
विशेष शिविर में चिकित्सकों द्वारा दिव्यांगता का परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय प्रमाणन की प्रक्रिया पूरी की जाती है। इसके पश्चात संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन कर पात्र हितग्राहियों का ऑनलाइन पंजीयन किया जाता है, जिससे यूडीआईडी कार्ड जारी करने की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण हो सके। जिला अस्पताल में यह व्यवस्था नियमित रूप से प्रत्येक शुक्रवार संचालित की जा रही है, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले दिव्यांगजन एवं स्कूली बच्चों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध हो सकें। जिसमें शिविर में अब तक 140 यूडीआईडी कार्ड बनाया जा चुका है।
प्रशासन ने जिले के सभी पात्र दिव्यांगजनों, उनके परिजनों, अभिभावकों, विद्यालयों के प्राचार्यों एवं शिक्षकों से अपील की है कि जिन दिव्यांग बच्चों एवं व्यक्तियों का यूडीआईडी कार्ड अभी तक नहीं बना है, वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रत्येक शुक्रवार जिला अस्पताल में आयोजित विशेष शिविर में उपस्थित होकर अपना पंजीयन एवं कार्ड निर्माण की प्रक्रिया पूर्ण कराएं। इससे वे शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं का समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से लाभ प्राप्त कर सकेंगे।











