बलरामपुर/रामानुजगंज: बलरामपुर जिले के रामानुजगंज स्टेट बैंक रोड स्थित एक कपड़े की दुकान में अलसुबह आग लग गई। लाखों रुपए का नुकसान बताया जा रहा है।
अलसुबह टहलने निकले लोगों ने दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देखीं। उन्होंने तत्काल दुकान संचालक निहाल जायसवाल को सूचना दी। इसके बाद नगर पालिका के फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी और दुकान के भीतर रखा कपड़ा व अन्य सामान धू-धू कर जल रहा था। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास किया। फायर ब्रिगेड के वाहन का पानी समाप्त हो जाने के बाद भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका के पानी के टैंकर से बाल्टियों के माध्यम से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास जारी रखा। काफी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर नियंत्रण पाया गया। दुकान में रखे अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।

ज्ञात हो कि रामानुजगंज नगर में एक सप्ताह के भीतर आग लगने की यह दूसरी बड़ी घटना है। लगातार हो रही अग्नि दुर्घटनाओं से व्यापारियों और नागरिकों में चिंता का माहौल है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है। मौके पर पुलिस और नगरवासी पहुंचे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!