बलरामपुर। बलरामपुर जिले के थाना राजपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पतरापारा में गुरुवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से माँ और बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पतरापारा निवासी प्रमोद कुमार टेकाम (22) ने थाना राजपुर में मर्ग सूचना दर्ज कराई कि उनकी परिजन मानती टेकाम (33) एवं उनकी 14 वर्षीय पुत्री कुमारी विमला टेकाम खेत में काम करने गई थीं। दोपहर लगभग 2:10 बजे अचानक बारिश शुरू होने पर दोनों वर्षा से बचने के लिए पास स्थित सेमर के पेड़ के नीचे खड़ी हो गईं। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दोनों उसकी चपेट में आ गईं, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही थाना राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक पंचनामा एवं अन्य कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वर्षा और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे या बिजली गिरने की आशंका वाले स्थानों पर शरण न लें। ऐसे समय सुरक्षित भवन या सुरक्षित स्थान पर रहें तथा मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!