

अंबिकापुर: सरगुजा जिले में खुद को मानव अधिकार संगठन का सदस्य बताकर ग्रामीणों से अवैध वसूली करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सीतापुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5 हजार रुपये नगद और घटना में प्रयुक्त इनोवा वाहन जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम नकना निवासी सुरेन्द्र कुमार ने थाना सीतापुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 21 अप्रैल को दोपहर करीब 12:30 बजे 6 अज्ञात लोग खुद को मानव अधिकार संगठन का सदस्य बताते हुए जबरन उसके घर में घुस आए। आरोपियों ने घर की तलाशी ली और अवैध शराब बनाने का आरोप लगाते हुए 20 हजार रुपये की मांग की। डरा-धमकाकर उन्होंने उससे 4 हजार रुपये वसूल लिए।इसके बाद आरोपी दूसरे मोहल्ले में पहुंचकर बिन्दू महंत के घर में भी घुस गए, जहां उन्होंने इलाज के लिए रखी दवाइयों को देखकर अवैध क्लीनिक चलाने का आरोप लगाया और 1 लाख रुपये की मांग की। भयभीत परिवार से उन्होंने 1 हजार रुपये की वसूली कर ली।प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर सीतापुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने प्रार्थी और गवाहों के बयान दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने 6 आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने सरगुजा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में इसी तरह की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले बतौली क्षेत्र में एक घर में फर्जी डॉक्टर का हवाला देकर पैसे वसूल चुके थे, वहीं लुंड्रा क्षेत्र में भी धमकाकर वसूली की थी। सीतापुर में उन्होंने दो घरों से कुल 5 हजार रुपये वसूले थे, जिसे आपस में बांटने की बात स्वीकार की गई।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस ने जल्द ही उनकी गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।
































