

बलरामपुर: संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नार्काे समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में नशीली दवाओं एवं मादक पदार्थों के अवैध व्यापार पर प्रभावी अंकुश लगाने, नशे के दुष्प्रभावों से बचाव तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वित कार्रवाई को और अधिक प्रभावी बनाने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने कोटपा एक्ट के प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर सख्त कार्रवाई करने तथा स्कूलों और कॉलेजों के आसपास नियमित निरीक्षण अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान निषेध नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने होटलों एवं ढाबों का नियमित निरीक्षण कर अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने प्रतिबंधित एवं एक्सपायरी दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने, निजी क्लीनिकों के लाइसेंस, निर्धारित मानकों तथा औषधि भंडारण की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर नेे अवैध क्लीनिकों तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले दवा विक्रेताओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूलों एवं महाविद्यालयों में नशा मुक्ति अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों और युवाओं में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़े, वे नशे से दूर रहें तथा स्वस्थ, सुरक्षित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित हों।
बैठक में वर्चुअल रूप से जुड़े पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर ने जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत अब तक की गई कार्रवाइयों की जानकारी से अवगत कराया। उन्होंने चेक पोस्टों पर वाहनों की सघन जांच करने के निर्देश दिए, जिससे मादक पदार्थों की तस्करी एवं नशीले पदार्थों के परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।बैठक में जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर आर.एन. पाण्डेय, चेतन बोरघरिया, श प्रमोद गुप्ता सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।











