

बलरामपुर: संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय गौधाम समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनी निकुंज, जिला स्तरीय गौधाम समिति, गौ सेवा आयोग अध्यक्ष आशीष केशरी, कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी, जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में गौधाम योजना के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान जिले में पंजीकृत एवं स्वीकृत गौधामों की स्थिति की समीक्षा करते हुए उनके संचालन, पंजीयन एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हीरामुनी निकुंज ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा।
जिला स्तरीय गौधाम समिति के अध्यक्ष आशीष केशरी ने कहा कि गौधाम योजना शासन की महत्वपूर्ण पहल है। इसे सभी के सहयोग और समन्वय से प्रभावी ढंग से संचालित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे तथा घुमंतू एवं निराश्रित पशुओं के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित आश्रय उपलब्ध कराना हम सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए।कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने विकासखंड स्तरीय समितियों से गौधामों का नियमित निरीक्षण करने का आग्रह किया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि पशु रहवास स्थलों गौधामों में पेयजल, चारा, साफ-सफाई सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि गौधाम योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त हों। इसके लिए मोबाइल वेटनरी यूनिट के माध्यम से भी लोगों को आवेदन प्रक्रिया और योजना की जानकारी देने के निर्देश दिए। बैठक में समिति के अन्य सदस्यों ने भी अपने सुझाव एवं विचार रखे।
उल्लेखनीय है की राज्य सरकार द्वारा प्रारंभ की गई गौधाम योजना का उद्देश्य बेसहारा मवेशियों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराना, उनके संरक्षण को बढ़ावा देना तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना है। इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। बैठक में उप संचालक पशु चिकित्सा विभाग डॉ. शिशिर कांत, सहित संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।










