
Nana Patekar: नाना पाटेकर ने अभिनय की दुनिया मे अपनी अलग पहचान बनाई, लेकिन उनके व्यक्तित्व का एक पहलू ऐसा भी था, जो सिनेमा से दूर था। उन्हें क्रिकेट से बेहद लगाव था। वह सिर्फ क्रिकेट देखते ही नहीं थे, बल्कि बचपन मे खुद क्रिकेटर बनने का सपना भी देखते थे। एक पुराने इंटरव्यू मे उन्होंने क्रिकेट को लेकर अपने जुनून से जुड़ी कई दिलचस्प बातें साझा की थीं।
ऑफ स्पिन से शुरू हुआ क्रिकेट का जुनून
करीब एक दशक पहले दिए इंटरव्यू मे नाना पाटेकर ने बताया था कि बचपन मे वह क्रिकेट खेलते थे और ऑफ स्पिन गेंदबाजी करते थे। आर्थिक स्थिति बेहतर नहीं होने के कारण किसी क्रिकेट अकादमी मे जाकर प्रशिक्षण लेना उनके लिए संभव नहीं था।
उन्होंने बताया था कि वह शिवाजी पार्क पहुंच जाते थे और वहां नेट प्रैक्टिस करने वाले खिलाड़ियों को गेंदबाजी करते थे। इसी तरह उन्हें अभ्यास का मौका मिलता रहा और क्रिकेट के प्रति उनका लगाव लगातार गहरा होता गया।
विराट कोहली के आउट होने पर नहीं लगता था खाने का मन
नाना पाटेकर की क्रिकेट दीवानगी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि विराट कोहली उनके पसंदीदा क्रिकेटरों मे शामिल थे। उन्होंने बताया था कि विराट अगर मैच मे जल्दी आउट हो जाएं तो उनका खाना खाने का भी मन नहीं करता।
जनवरी 2025 मे उनका यह पुराना बयान एक बार फिर चर्चा मे आया था। सोशल मीडिया पर विराट के जल्दी आउट होने को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं और नाना का यह किस्सा भी खूब साझा किया गया था।
कहा था, आज भी कर सकता हूं अच्छी गेंदबाजी
नाना पाटेकर ने इंटरव्यू मे यह भी कहा था कि अगर वह करीब 10 दिन तक नियमित अभ्यास कर लें तो आज भी अच्छी गेंदबाजी कर सकते है। उनके इस बयान से साफ था कि उम्र बढ़ने के बावजूद क्रिकेट के प्रति उनका जुनून कम नहीं हुआ था।
सिनेमा और क्रिकेट मे दिखता था एक जैसा संघर्ष
नाना पाटेकर ने क्रिकेट और अभिनय के बीच एक दिलचस्प समानता भी बताई थी। उनके मुताबिक क्रिकेटर को मैदान पर लगातार अपनी क्षमता साबित करनी होती है, जबकि अभिनेता का काम भी लंबे समय तक चलने वाली परीक्षा जैसा होता है।
उनका मानना था कि क्रिकेटर का प्रदर्शन कई दिन तक चलने वाले मुकाबले मे परखा जाता है, जबकि कलाकार की मेहनत फिल्म बनने से लेकर दर्शकों तक पहुंचने तक जारी रहती है। आखिरकार दोनों ही जगह जनता का फैसला सबसे अहम होता है।
नाना पाटेकर का अभिनय जितना प्रभावशाली था, क्रिकेट के प्रति उनका जुनून भी उतना ही गहरा था। यही वजह है कि उनके पुराने इंटरव्यू आज भी उनके व्यक्तित्व के उस पहलू को सामने लाते है, जिसे उनके कई प्रशंसक शायद कम जानते थे।



















