जशपुर:  जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम जामपानी सरबकोंबो में 68 वर्षीय बुजुर्ग की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। प्रारंभिक तौर पर सड़क हादसा नजर आ रही घटना जांच में हत्या निकली। पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी पर जादू-टोना करने का शक करते हुए आरोपियों ने कथित तौर पर हत्या की साजिश रची और बोलेरो से कुचलकर बुजुर्ग की जान ले ली। इसके बाद घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया गया।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम जामपानी सरबकोंबो निवासी जोयो राम (68) की 29 सितंबर 2026 को मृत्यु की सूचना मिलने पर थाना बगीचा में मर्ग क्रमांक 126/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। शव के पंचनामा और पोस्टमार्टम के दौरान सिर, माथे और बाएं पैर में चोट के निशान मिले। पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में सिर में लगी चोट और अत्यधिक रक्तस्राव को मृत्यु का कारण बताया गया।

जांच में हत्या की सामने आई कहानी

मर्ग जांच के दौरान परिजनों और गवाहों के बयान लिए गए। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को संदेह हुआ कि जोयो राम को बोलेरो वाहन से जानबूझकर टक्कर मारी गई थी। जांच में यह भी सामने आया कि गांव के दीपक यादव, उसके पिता और चाचा द्वारा मृतक की पत्नी पर टोनही होने तथा जादू-टोना करने का आरोप लगाया जाता था। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच पिछले दो-तीन वर्षों से विवाद चल रहा था।पुलिस के अनुसार, एक बैगा द्वारा भी मृतक की पत्नी पर जादू-टोना करने का आरोप लगाए जाने और इसके कारण परिवार के सदस्यों की तबीयत खराब होने की बात बताए जाने की जानकारी सामने आई।

मक्का खेत के पास रची गई थी हत्या की साजिश

पुलिस की पूछताछ में सामने आए तथ्यों के अनुसार, 29 सितंबर को आरोपियों ने कथित तौर पर जोयो राम की हत्या की योजना बनाई। उन्हें पता था कि जोयो राम अपने मक्का खेत की ओर जाते हैं। इसी दौरान उन्हें वाहन से कुचलकर घटना को सड़क हादसा दिखाने की योजना बनाई गई।

पुलिस के मुताबिक, शाम करीब 4 बजे दीपक यादव अपने चाचा की बोलेरो CG 14 MC 5946 लेकर डाहीडांड़ की ओर गया। वहां जोयो राम मुख्य सड़क से करीब 5 से 10 मीटर की दूरी पर अपने मक्का खेत के सामने खड़े थे। पुलिस का कहना है कि वाहन को आगे ले जाकर वापस मोड़ा गया और तेज गति से जोयो राम को टक्कर मारी गई। घटना के बाद आरोपी बोलेरो लेकर बगीचा की ओर फरार हो गया।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, तीन की तलाश

मामले में पुलिस ने आरोपी दीपक यादव (21), निवासी जामपानी सरबकोंबो को 1 अक्टूबर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, आरोपी के मेमोरेंडम और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। मामले में दीपक यादव के पिता, चाचा समेत एक बैगा सहित तीन अन्य आरोपियों को पुलिस ने चिन्हित किया है, जो फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश जारी है।थाना बगीचा में अपराध क्रमांक 259/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1), 61(2) तथा छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना अधिनियम की धारा 4, 5, 6*के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि प्रथम दृष्टया सड़क दुर्घटना दिखाई देने वाला मामला जांच में अंधविश्वास और जादू-टोने के संदेह से जुड़ी हत्या के रूप में सामने आया है। उन्होंने कहा कि अंधविश्वास के नाम पर हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लोगों से ओझा-बैगा के बहकावे में नहीं आने की अपील की।कार्रवाई में थाना प्रभारी बगीचा निरीक्षक विक्रांत कुमार सोन, सहायक उप निरीक्षक अनिल कामरे, नरेश मिंज और प्रधान आरक्षक लक्ष्मण सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!