बलरामपुर: डायल 112 जैसी आपातकालीन सेवा में ड्यूटी के दौरान शराब का सेवन कर सरकारी वाहन को दुर्घटनाग्रस्त करने के मामले में पुलिस अधीक्षक बलरामपुर वैभव बैंकर ने कड़ी कार्रवाई की है। विभागीय जांच के बाद आरक्षक क्रमांक 878 संजय मारकण्डे को पुलिस सेवा से पृथक कर दिया गया है।

मामला वाड्रफनगर चौकी और बसंतपुर थाना क्षेत्र में संचालित डायल 112 वाहन क्रमांक CG 03 A-2749 से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार 7 जुलाई 2026 की रात आरक्षक संजय मारकण्डे की ड्यूटी डायल 112 वाहन में लगाई गई थी। रात करीब 11:40 बजे इवेंट मिलने के बाद आरक्षक और वाहन चालक ओमप्रकाश यादव ग्राम सिवरी बरतीकला की ओर रवाना हुए।इसी दौरान रात करीब 11:45 बजे वाड्रफनगर-अंबिकापुरमुख्य मार्ग पर न्यू पंचवटी ढाबा के आगे सामने से आ रही पिकअप वाहन क्रमांक UP-64 CT-1055 और डायल 112 वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में सरकारी डायल 112 वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

मेडिकल जांच में शराब सेवन की पुष्टि

दुर्घटना के बाद डायल 112 वाहन में तैनात आरक्षक और चालक के चाल-ढाल से शराब के नशे में होने की आशंका हुई। दोनों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वाड्रफनगर में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। पुलिस के अनुसार मेडिकल जांच रिपोर्ट में आरक्षक संजय मारकण्डे और चालक के ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।
मामले में विभागीय जांच कराई गई। जांच में यह प्रमाणित पाया गया कि आरक्षक महत्वपूर्ण आपातकालीन ड्यूटी पर तैनात होने के बावजूद शराब के नशे में था। साथ ही, आरक्षक और चालक दोनों के शराब के नशे में होने के दौरान डायल 112 जैसे शासकीय वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से ड्यूटी के प्रति गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता सामने आई।जांच के निष्कर्षों के आधार पर पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने 19 सितंबर 2026 को आरक्षक क्रमांक 878 संजय मारकण्डे को पुलिस सेवा से पृथक करने का आदेश जारी किया। संजय मारकण्डे की तत्कालीन पदस्थापना चौकी वाड्रफनगर में थी और वर्तमान में वह रक्षित केंद्र बलरामपुर में पदस्थ था।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!