बलौदा बाजार : पलारी में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और किसानों को डिब्बों में डीजल नहीं दिए जाने के विरोध में कांग्रेस ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पलारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एक कार को बैलों से खिंचवाकर पेट्रोल पंप तक पहुंचाया और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यह प्रदर्शन लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।

बैलों से कार खिंचवाकर जताया विरोध, सरकार पर साधा निशाना

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रवि बंजारे के नेतृत्व में आयोजित इस प्रतीकात्मक प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, युवा कांग्रेस के सदस्यों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस ने बढ़ती ईंधन कीमतों को लेकर सरकार को घेरते हुए कहा कि महंगाई ने आम लोगों का जीवन कठिन बना दिया है और हालात ऐसे बन गए हैं कि लोग फिर से बैलगाड़ी के दौर की याद करने को मजबूर हो रहे हैं।

किसानों को डिब्बों में डीजल नहीं मिलने पर जताई नाराजगी

प्रदर्शन के दौरान रवि बंजारे ने कहा कि खरीफ सीजन के बीच किसानों को खेती के लिए डीजल की सबसे ज्यादा जरूरत होती है। ऐसे समय में डिब्बों में डीजल नहीं मिलने से किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों और आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही है, जिसके विरोध में यह प्रदर्शन किया गया।

राहगीरों की जुटी भीड़, पूरे इलाके में बनी चर्चा

बैलों से खिंचती कार और कांग्रेस के इस अनोखे विरोध प्रदर्शन को देखने के लिए बड़ी संख्या में राहगीर मौके पर रुक गए। कुछ देर के लिए वहां लोगों की भीड़ लग गई और यह प्रदर्शन पूरे पलारी क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महंगाई और किसानों की समस्याओं पर ध्यान देने की मांग की।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!