सूरजपुर: संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर  रेना जमील की अध्यक्षता में राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डिजिटल क्रॉप सर्वे, किसान पंजीयन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना तथा विभिन्न राजस्व प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने अनुविभाग एवं तहसीलवार डिजिटल क्रॉप सर्वे की समीक्षा करते हुए खेतों में बोई गई फसलों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसान पंजीयन में प्रगति लाने के लिए किसानों से संपर्क करने एवं शिविर आयोजित कर शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही संबंधित अधिकारियों को कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

बैठक में फौती नामांतरण, बंटवारा, त्रुटि सुधार, स्वामित्व योजना एवं अन्य राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन, जन शिकायतों एवं कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित एवं समय-सीमा से बाहर हो चुके प्रकरणों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ निराकरण करने को कहा।

कलेक्टर श्रीमती जमील ने निर्देशित किया कि शिकायतों का निराकरण गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपरक होना चाहिए। उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारियों एवं तहसीलदारों को राजस्व कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर  नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर  राम सिंह ठाकुर, सभी अनुविभागीय दंडाधिकारी एवं राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!