

बलरामपुर: संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा की गई महत्वपूर्ण घोषणाओं का भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा ने स्वागत करते हुए उन्हें सामाजिक समरसता और अनुसूचित जाति समाज के सम्मान की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया है। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा बलरामपुर के जिला महामंत्री राजेश भारती ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ये निर्णय संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और समाज में समानता व भाईचारे की भावना को मजबूत करने वाले हैं।
राजेश भारती ने रायपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय कलश वंदन अभियान में शामिल होने के बाद कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरु रविदास जयंती पर प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित करने, इस दिन मांस एवं मदिरा की दुकानें बंद रखने, संत रविदास के नाम पर राज्य स्तरीय प्रतिष्ठित अलंकरण पुरस्कार स्थापित करने, नया रायपुर के एक प्रमुख चौक का नाम 'संत रविदास चौक' रखने तथा छत्तीसगढ़ विधानसभा में संत रविदास जी का संदेश अंकित कराने जैसी महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं।
उन्होंने कहा कि ये केवल सरकारी घोषणाएं नहीं, बल्कि संत रविदास के समानता, सामाजिक न्याय, मानवता और भाईचारे के संदेश को सम्मान देने वाले दूरदर्शी निर्णय हैं। इससे नई पीढ़ी भी संत रविदास के जीवन और आदर्शों से प्रेरणा ले सकेगी तथा अनुसूचित जाति समाज के सम्मान और गौरव में वृद्धि होगी।राजेश भारती ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, छत्तीसगढ़ सरकार और भाजपा संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज इन ऐतिहासिक निर्णयों के लिए सदैव कृतज्ञ रहेगा।
कार्यक्रम में मोरेलाल दोहरे, सरवन भारती, राजेश सोनवानी, सुधीर सोनवानी, रघुनाथ रवि, गोरेलाल भारती, सुरेश बर्मा सहित अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारी एवं समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।











