मध्य प्रदेश : छिंदवाड़ा में आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव सख्त तेवर में नजर आए। जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने सीएमएचओ डॉ. नरेश गुनाडे को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दे दिए।मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि आम जनता से जुड़े कामों में लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को संदेश देते हुए कहा कि जहां अच्छा काम करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों को प्रोत्साहन मिलेगा, वहीं जिम्मेदारी में लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई भी तय है।

जनता की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई, लापरवाही करने वालों पर जारी रहेगा सख्त रुख

सीएम मोहन यादव ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि इससे पहले राजस्व विभाग में भी लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई की गई थी। परासिया तहसीलदार सुनैना ब्रम्हे और एक पटवारी को निलंबित किया गया था।मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार के लिए जवाबदेही तय करना जरूरी है और जनता के हितों की अनदेखी करने वाले अधिकारियों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की शुरुआत, हर शुक्रवार अधिकारी पहुंचेंगे जनता के बीच

छिंदवाड़ा में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके जल्द समाधान के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने बताया कि इस अभियान के तहत हर शुक्रवार अधिकारी सीधे जनता के बीच जाएंगे। इस दौरान सरकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति, लोगों की समस्याएं और लंबित मामलों की समीक्षा की जाएगी। यह अभियान जनवरी तक पूरे प्रदेश में प्रत्येक शुक्रवार को जारी रहेगा।

पुलिस विभाग में लंबे समय से अटके प्रमोशन जल्द होंगे पूरे, कर्मचारियों को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सरकारी कर्मचारियों और युवाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुलिस विभाग में वर्षों से लंबित प्रमोशन की प्रक्रिया को अगले दो महीनों में पूरा किया जाए।उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं सहित समाज के हर वर्ग के विकास के लिए काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकारी कर्मचारियों के लंबे समय से रुके प्रमोशन को पूरा करने की दिशा में सरकार गंभीरता से कदम उठा रही है, ताकि उन्हें उनका अधिकार मिल सके।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!