

बलरामपुर: कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में जिले में सड़क सुरक्षा, यात्री सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रभावी पालन के लिए परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से सघन जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है। ताकि ओवरलोडिंग, मालवाहक वाहनों पर सवारी तथा स्कूली वाहनों के संचालन में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा सके।
इसी कड़ी में वाड्रफनगर क्षेत्र में संयुक्त जांच के दौरान मालवाहक के रूप में पंजीकृत दो पिकअप वाहनों में अवैध रूप से सवारियां ले जाते पाए जाने पर उनके विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए 5,300 रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही रामानुजगंज क्षेत्र में जांच के दौरान एक स्कूल वैन में परिवहन नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 5,000 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। उक्त कार्यवाही के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने पर कुल 10,300 रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही वाहन चालकों को सभी सुरक्षा मानकों एवं परिवहन नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने समझाईष दी गई।










