

सुंदरगढ़: धारुआडीही थाना क्षेत्र में एक चिकित्सक एवं दवा व्यवसायी के घर हुई सनसनीखेज डकैती का पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
जानकारी के अनुसार,ल धारुआडीही क्षेत्र में दवा दुकान और क्लिनिक संचालित करने वाले 62 वर्षीय डॉ. मोतीलाल विश्वास 10 जून की रात करीब 8:15 बजे अपनी दुकान-सह-आवास पर मौजूद थे। इसी दौरान दो युवक बुखार का इलाज कराने के बहाने उनके पास पहुंचे। इनमें से एक युवक स्थानीय होने के कारण डॉक्टर उसे पहचानते थे।
इलाज के दौरान अचानक एक युवक ने पिस्टल निकालकर डॉ. विश्वास को बंधक बना लिया। इसी बीच तीन अन्य आरोपी भी घर के अंदर घुस गए और अलमारी व दराज तोड़कर करीब 1.10 लाख रुपये नकद लूट लिए। घटना के दौरान डॉक्टर के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे, जिसके बाद आरोपी मकान की छत के रास्ते फरार हो गए।सूचना मिलते ही धारुआडीही पुलिस सक्रिय हो गई। सुंदरगढ़ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में दो विशेष टीमों का गठन किया गया और संभावित भागने के सभी मार्गों पर नाकाबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया सूचनाओं के आधार पर किंजिरमा जंगल क्षेत्र से फरार होने की कोशिश कर रहे सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रशांत किसान (28), संजीव उरांव (26), अनिल उरांव (20), प्रकाश सुना (26), सूरज उरांव (21) तथा लेडा मुंडा उर्फ पिंटू (29) के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.67 लाख रुपये नकद, टीवीएस अपाचे और बजाज पल्सर मोटरसाइकिल सहित पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी लेडा मुंडा उर्फ पिंटू वर्ष 2022 में अपनी पत्नी की हत्या के मामले में जेल जा चुका है और हाल ही में रिहा हुआ था।इस मामले में धारुआडीही थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 332(बी), 310(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस गिरोह के अन्य आपराधिक मामलों से संभावित संबंधों की भी जांच कर रही है।डकैती जैसी गंभीर वारदात का कुछ ही घंटों में खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी किए जाने पर स्थानीय लोगों ने सुंदरगढ़ पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की सराहना की है।





















