बिलासपुर। खोंगसरा सर्किल में जंगली सूअर के शिकार की घटना सामने आई है। सूचना मिलते ही सर्चिंग के लिए पहुंची वन विभाग की टीम ने मौके से दो आरोपितों को कुल्हाही के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों मृत सूअर के शरीर से खाल निकालकर मांस एकत्र करने टुकड़े कर रहे थे। आरोपितों के खिलाफ अपराध पंजीबद्व कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां दोनों को जेल भेज दिया गया है।

घटना शुक्रवार को खोंगसरा सर्किल अंतर्गत भनवारटंक परिसर के जोड़ा डोंगरी नाला के पास कक्ष क्रमांक 2426 की है। वन विभाग को सूचना मिली कि जंगल के अंदर शिकार हुआ है। घटना के संबंध में जानकारी मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचकर सर्चिंग करने लगा। जांच के दौरान उनकी नजर नाले के पास दो ग्रामीणों पर पड़ी। उनके पास कुल्हाड़ी थी और मृत सूअर भी था। जिस पर दोनों को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार करने के बाद उन्हें कार्यालय लाकर पूछताछ करने पर एक आरोपित ने अपना नाम जगदीश सौता निवासी ग्राम मुसयारी ग्राम पंचायत टाटीधर बेलगना और दूसरे का नाम गुनीलाल भैना निवासी ग्राम कसईबहरा गौरेल-पेंड्रा-मरवाही बताया। शिकार के मामले में दोनों आरोपितों के खिलाफ वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 2 (16) धारा 9 व धारा 50 के अंतर्गत अपराध दर्ज किया। जंगली सूअर अनुसूची – 3 का वन्य प्राणी है। इसलिए यह अपराध दर्ज किया गया। प्रकरण तैयार करने के बाद आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से दोनों को 10 दिनों की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में बेलगहना वन परिक्षेत्र अधिकारी देव सिंह मरावी, परिक्षेत्र सहायक खोंगसरा झल्ली मार्को, परिक्षेत्र सहायक बेलगहना शिव पैकरा, बीएफओ भनवारटंक कुश कुमार गंधर्व, बीएफओ कुंज बिहारी पोर्ते, बीएफओ नील एक्का, शिव पैकरा का विशेष योगदान रहा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!