
जांजगीर-चांपा: जिले के शिवरीनारायण में दुर्गा उत्सव मेले के दौरान गुरुवार रात चाकूबाजी की घटना सामने आई। विवाद के बाद हुए हमले में दो युवक घायल हो गए। घायलों की पहचान ग्राम खपरीडीह निवासी क्रेमराज यादव और करण यादव के रूप में हुई है। क्रेमराज के सिर पर गंभीर चोट लगने की जानकारी है। दोनों का निजी अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद पुलिस ने चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मेला घूमने के दौरान युवकों से हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम खपरीडीह निवासी क्रेमराज यादव अपने दोस्त करण यादव के साथ शिवरीनारायण में दुर्गा उत्सव और मेला घूमने पहुंचा था। इसी दौरान उनकी कुछ युवकों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर एक युवक ने जेब में रखे चाकू जैसे हथियार से दोनों पर हमला कर दिया।हमले में क्रेमराज यादव और करण यादव घायल हो गए। क्रेमराज के सिर पर गंभीर चोट आई है। घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर शिवरीनारायण पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
चार संदिग्धों से पूछताछ, विवाद की वजह स्पष्ट नहीं
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, विवाद की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।पुलिस मामले में रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हमले के कारणों और घटना में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।




















