

रायपुर: छत्तीसगढ़ में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 15 अगस्त 2026 को प्रदेशभर के जिला मुख्यालयों में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में ध्वजारोहण और मुख्य अतिथियों को लेकर सामान्य प्रशासन विभाग ने आधिकारिक सूची जारी कर दी है।
जारी आदेश के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजधानी रायपुर में ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे। इसके साथ ही प्रदेश के अलग-अलग जिला मुख्यालयों में केंद्रीय राज्य मंत्री, उपमुख्यमंत्री, राज्य सरकार के मंत्री, सांसद और विधायक स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।जिला मुख्यालयों में आयोजित होने वाले समारोह में ध्वजारोहण के साथ पुलिस एवं सुरक्षा बलों की परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न विभागों की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। समारोह को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी सूची के मुताबिक, अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी जनप्रतिनिधियों को सौंपी गई है। संबंधित जिलों में मुख्य अतिथि ध्वजारोहण करने के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित करेंगे।
प्रदेशभर में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर सुरक्षा व्यवस्था, कार्यक्रम स्थल की तैयारियों और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जिला प्रशासन को समारोह को गरिमापूर्ण और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।
















