बीजापुर: जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत थाना बासागुड़ा पुलिस और डीआरजी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। ग्राम पेगड़ापल्ली के जंगल क्षेत्र में अभियान के दौरान टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, हथियार से संबंधित सामान और नकदी बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान बोगम लखमू (39 वर्ष), पिता पाण्डू, निवासी चिन्नागेलूर, थाना तर्रेम के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के चिन्नागेलूर DAKMS सदस्य के रूप में काम करने तथा नक्सलियों की सामग्री और विस्फोटक को छिपाकर रखने के लिए ले जाने की बात स्वीकार की।तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 50,050 रुपये नगद, एक BGL लांचर, 18 BGL सेल, 12 तीर बम, एक हैंड ग्रेनेड, .303 के 15 जिंदा राउंड, 31 BGL कार्ट्रिज, एक INSAS खाली मैगजीन, बिजली वायर, तीन राउंड चार्जर और एक ईमीटर लीड बरामद किया गया।पुलिस ने बरामद सभी सामग्री को विधिवत सीलबंद कर पंचनामा तैयार किया। मामले में आरोपी के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमाण्ड पर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।पुलिस का कहना है कि नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी है और जंगल क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर सुरक्षा बलों की पैनी नजर बनी हुई है। संयुक्त अभियान के दौरान हुई इस कार्रवाई को नक्सली नेटवर्क और उनके हथियार-विस्फोटक भंडारण तंत्र के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!