

अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री तथा अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल ने कहा है कि केंद्र सरकार प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए लगातार सख्त कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए बनाए गए कड़े कानून से छात्रों का विश्वास मजबूत होगा और भर्ती प्रक्रिया अधिक निष्पक्ष बनेगी।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार का स्पष्ट संदेश है कि पेपर लीक जैसे गंभीर अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें सख्त सजा दिलाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि परीक्षा से जुड़े मामलों के त्वरित निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट की व्यवस्था भी की जा रही है, जिससे दोषियों को जल्द सजा मिलेगी और भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्षता बनी रहेगी। इससे ईमानदारी से तैयारी करने वाले लाखों विद्यार्थियों के हित सुरक्षित होंगे।
मंत्री अग्रवाल ने कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। उद्देश्य ऐसी पारदर्शी और विश्वसनीय परीक्षा प्रणाली विकसित करना है, जिसमें प्रतिभा और मेहनत के आधार पर युवाओं को अवसर मिले तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता के लिए कोई स्थान न हो।
उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसे अपराधों पर सख्त कानून, त्वरित न्याय और कठोर दंड के प्रावधान सरकार की विद्यार्थियों के अधिकारों और उनके भविष्य की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
अंत में मंत्री राजेश अग्रवाल ने प्रदेश के युवाओं और विद्यार्थियों से अपील की कि वे पूरी लगन और ईमानदारी से अपनी परीक्षा की तैयारी जारी रखें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, ताकि देश के युवाओं का भविष्य सुरक्षित और उज्ज्वल बन सके।











