

अंबिकापुर: सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में एक करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग लेकर फरार हुए अज्ञात आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने सख्ती तेज कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने वाले व्यक्ति के लिए 5 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
मिली जानकारी के अनुसार थाना सीतापुर में अपराध क्रमांक 296/2026 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है। प्रार्थी अरुण देव सोनी, निवासी सीतापुर, हाई स्कूल के पास स्थित काशी विश्वनाथ ज्वेलरी दुकान के संचालक हैं। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 26 जुलाई 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे वह अपनी स्कूटी के सामने ज्वेलरी से भरा बैग रखकर दुकान का शटर खोल रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति स्कूटी के सामने रखा बैग उठाकर मौके से फरार हो गया।बताया गया कि बैग में सोने-चांदी के आभूषण रखे थे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये है। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। विभिन्न माध्यमों से पतासाजी के प्रयास किए गए, लेकिन अब तक आरोपी का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने पुलिस रेग्युलेशन के पैरा 80-ए के तहत प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए इनाम की उद्घोषणा जारी की है। आदेश के अनुसार जो भी व्यक्ति आरोपी के संबंध में ऐसी ठोस जानकारी देगा, जिससे उसकी गिरफ्तारी संभव हो सके या आरोपी को गिरफ्तार कराने में सहयोग करेगा, उसे 5 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी के पास आरोपी या घटना से संबंधित कोई भी महत्वपूर्ण जानकारी हो तो वह पुलिस अधीक्षक सरगुजा (94791-93501), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा (94791-93502) अथवा जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष (94791-93599) पर संपर्क कर सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।











