

कोरिया: कोरिया जिले के चरचा पुलिस ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया शत-प्रतिशत समान बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। जिले में लगातार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार डॉ. इंदुमती, निवासी ऑफिसर कॉलोनी चरचा ने 29 अप्रैल 2026 को थाना चरचा में शिकायत दर्ज कराई थी कि 28 अप्रैल की रात अज्ञात चोर ने उनके एसईसीएल क्वार्टर का ताला तोड़कर घर में रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चरचा में अपराध क्रमांक 75/26 धारा 305(ए) एवं 331(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। इस मामले में आनंद सोनी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही अभिषेक कुमार को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिषेक कुमार (25 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 7 रूपनगर थाना चरचा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया है, जिसकी कुल कीमत लगभग 92 हजार रुपये बताई जा रही है। बरामद सामान एचपी कंपनी का लैपटॉप, चार्जर, हार्ड डिस्क और पेन ड्राइव, दो मोबाइल फोन,घड़ी एवं चश्माबैंक कार्ड, नगद राशि और स्कूटी की चाबी शमिल है।
पुलिस ने आरोपी को 1 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में थाना चरचा पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही। लगातार हो रही त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप का माहौल है।
































