अंबिकापुर: सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश और आपसी विवाद के चलते युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग बालक और एक वयस्क आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने मृतक पर ईंट-पत्थरों से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी।

पुलिस के अनुसार, लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अलगा बेन्दोपानी बेलदगी निवासी 32 वर्षीय पांडे कोरवा की 20 जून की दोपहर हत्या कर दी गई थी। मामले की सूचना मिलने पर थाना लखनपुर में अपराध क्रमांक 160/26 के तहत धारा 103(1) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक का अपने भाई श्रवण कोरवा और एक विधि से संघर्षरत बालक के साथ पुराना विवाद चल रहा था। घटना के दिन आपसी कहासुनी के बाद दोनों आरोपियों ने पांडे कोरवा पर ईंट और पत्थरों से हमला कर दिया। हमले के दौरान श्रवण कोरवा ने मृतक की नाक पर दांत से काटकर भी गंभीर चोट पहुंचाई। सिर और कान के पास गंभीर चोट लगने से पांडे कोरवा की मौत हो गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश पर लखनपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की तथा हत्या में प्रयुक्त ईंट-पत्थर और आरोपियों के घटना के समय पहने गए कपड़े जब्त किए।घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने वयस्क आरोपी श्रवण कोरवा (25) निवासी ग्राम अलगा बेन्दोपानी बेलदगी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संपत पोटाई के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक सतीश कुमार सिंह, पीतांबर सिंह तथा आरक्षक सुरेश गुप्ता, रामकुमार यादव, आशीष चौहान और सोहन राजवाड़े की टीम ने की।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!