अंबिकापुर। सरगुजा जिले में 15 वर्षीय आदिवासी छात्रा से कथित दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी तरुण जायसवाल को पुलिस ने दूसरे राज्य में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि कोतवाली प्रभारी शशिकांत सिन्हा ने की है। फिलहाल सरगुजा पुलिस आरोपी को अंबिकापुर लाने की कार्रवाई में जुट गई है।

पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली अंबिकापुर में अपराध क्रमांक 504/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 65(1) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 एवं 6 के अंतर्गत मामला दर्ज है। घटना के बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था।आरोपी की गिरफ्तारी के लिए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। आरोपी की गिरफ्तारी अथवा उसके संबंध में विश्वसनीय सूचना देने वाले के लिए ₹5,000 के इनाम की भी घोषणा की गई थी।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के नाम जारी 12 बोर डीबीबीएल लाइसेंसी बंदूक एवं शस्त्र लाइसेंस जब्त कर लिया था। साथ ही आरोपी की चल एवं अचल संपत्ति का विवरण जुटाकर कुर्की की वैधानिक प्रक्रिया भी शुरू की गई थी।गौरतलब है कि पीड़िता आरोपी के घर में खाना बनाने का कार्य करती थी। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर सर्व आदिवासी समाज ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव कर शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की थी। अब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!