अंबिकापुर/बतौली। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र में गाड़ी की किश्त चुकाने के लिए रुपये मांगने को लेकर हुए विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। आवेश में आकर बेटी और दामाद ने मिलकर वृद्ध पिता की गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी। मामले में बतौली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस के अनुसार 14 जुलाई को बासाझाल बालापानी निवासी लोहर साय कोरवा की हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि मृतक अपनी बेटी सोनकुंवारी और दामाद बंधन कोरवा के घर पहुंचकर मोटरसाइकिल की किश्त जमा करने के लिए रुपये की मांग कर रहा था। इसी बात को लेकर परिवार में विवाद बढ़ गया।आरोप है कि विवाद के दौरान बेटी सोनकुंवारी और दामाद बंधन कोरवा ने आवेश में आकर लोहर साय के गले में पहने गमछे से उसका गला घोंट दिया और जमीन पर पटककर मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपियों ने खून के निशान मिटाने के लिए जमीन को गोबर से लीपकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास भी किया।प्रार्थी माईकल टोप्पो की शिकायत पर बतौली थाना में अपराध क्रमांक 87/26 के तहत हत्या एवं साक्ष्य छिपाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।मामले को गंभीरता से लेते हुए सरगुजा के डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर बतौली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण, शव पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की। जांच और पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने हत्या की वारदात स्वीकार कर ली।पुलिस ने आरोपी बंधन कोरवा (40 वर्ष) और सोनकुंवारी कोरवा (35 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले की जांच आगे जारी है।थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक सेंगर के नेतृत्व में एएसआई अरुण गुप्ता, महिला आरक्षक किरण तांडे सहित पुलिस टीम ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!