
इंदौर के महू क्षेत्र में जन्मदिन मनाने निकले दोस्तों के लिए बुधवार की शाम दर्दनाक हादसे में बदल गई। कालाकुंड रोड पर एक बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक सवार तीन किशोर सड़क किनारे घनी झाड़ियों में जा गिरे। हादसा जंगल क्षेत्र में होने के कारण तत्काल किसी को इसकी जानकारी नहीं मिल सकी। रातभर तलाश के बाद करीब 14 घंटे बाद तीनों के शव झाड़ियों से बरामद किए गए।
13 दोस्तों का ग्रुप निकला था जन्मदिन मनाने
जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम करीब 6 बजे 13 दोस्तों का एक समूह अलग-अलग वाहनों से इंदौर से निकला था। शुरुआत में देवगुराड़िया में जन्मदिन मनाने की योजना थी, लेकिन बाद में सभी कालाकुंड के जंगल क्षेत्र की ओर चले गए।
वापसी के दौरान ग्रुप के कुछ साथी आगे निकल गए। वहीं केशव परमार, निशांत परमार और सूरज चौहान एक ही बाइक पर पीछे रह गए। कालाकुंड रोड पर एक मोड़ के पास बाइक अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क किनारे मौजूद पेड़ से जा टकराई।
पेड़ से टक्कर के बाद झाड़ियों में जा गिरे तीनों
हादसा इतना गंभीर था कि बाइक पेड़ से टकराने के बाद तीनों सवार सड़क से नीचे घनी झाड़ियों में जा गिरे। जंगल और अंधेरे के कारण उनकी लोकेशन का तत्काल पता नहीं चल पाया।
जब बाकी दोस्त इंदौर पहुंचे और तीनों के नहीं लौटने की जानकारी सामने आई, तो परिवार के लोगों को भी इसकी सूचना दी गई। इसके बाद दोस्तों, परिजनों और पुलिस ने कालाकुंड रोड के आसपास उनकी तलाश शुरू की।
रातभर 5 से 7 किलोमीटर इलाके में चला सर्च ऑपरेशन
पुलिस और परिजनों ने करीब 5 से 7 किलोमीटर के जंगल क्षेत्र में रातभर तलाश की। घना जंगल, अंधेरा और झाड़ियों की वजह से सर्च ऑपरेशन में काफी मुश्किलें आईं। कई घंटे की तलाश के बावजूद बुधवार रात तीनों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
गुरुवार सुबह करीब 8 बजे सड़क किनारे झाड़ियों में तीनों के शव दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को बाहर निकलवाया।
13 से 17 साल के थे तीनों मृतक
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 13 वर्षीय केशव परमार, 16 वर्षीय निशांत परमार और 17 वर्षीय सूरज चौहान के रूप में हुई है। तीनों की मौत की खबर सामने आने के बाद परिवारों में मातम छा गया।
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की परिस्थितियों और बाइक के अनियंत्रित होने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े तथ्यों और अन्य परिस्थितियों को भी जांच में शामिल कर रही है।




















