अंबिकापुर:  छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने बिहार की राजधानी पटना से गिरफ्तार कर लिया है। करीब 10 दिनों तक लगातार तलाश, तकनीकी निगरानी और कई राज्यों में दबिश देने के बाद सरगुजा पुलिस ने आरोपी को दबोचने में सफलता हासिल की। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था, मोबाइल फोन बंद रखता था और जरूरत पड़ने पर राहगीरों के मोबाइल से अपने परिचितों से संपर्क करता था।

जानकारी के अनुसार थाना कोतवाली अंबिकापुर में दर्ज आरोपी तरुण कुमार जायसवाल (51 वर्ष) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 65(1) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 और 6 के तहत मामला दर्ज है। घटना के बाद से आरोपी फरार था। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले या उसकी सूचना देने वाले के लिए 5 हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की गई थी।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के बैंक खाते फ्रीज कराए, उसके वाहन की ट्रैवल हिस्ट्री खंगाली और उससे जुड़े संदिग्ध मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया। आरोपी के गांव और शहर स्थित दोनों घरों पर दबिश दी गई, लेकिन वह पहले ही फरार हो चुका था। इसके बाद पुलिस टीम ने देवघर, वासुकीनाथ, पुरी और रांची सहित कई संभावित ठिकानों पर लगातार तलाश की। अंततः बिहार पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर पटना से आरोपी को हिरासत में लिया गया।पटना की अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद आरोपी को अंबिकापुर लाया जा रहा है, जहां उससे विस्तृत पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

जांच के दौरान आरोपी के नाम से जारी लाइसेंसी 12 बोर डीबीबीएल बंदूक और उसका लाइसेंस भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तकनीकी निगरानी, लगातार फील्ड ऑपरेशन और अंतरराज्यीय समन्वय इस कार्रवाई की सबसे बड़ी सफलता रही। सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और बच्चों से जुड़े गंभीर अपराधों में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!