

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है। बीजेपी ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और त्रिपुरा में अपने प्रदेश अध्यक्ष बदल दिए हैं। बदलाव के तहत दिल्ली की कमान पूर्वी दिल्ली से सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा को सौंपी गई है।
पंजाब बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष की कमान केवल सिंह ढिल्लों , दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष की कमान हर्ष मल्होत्रा, हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष की कमान अर्चना गुप्ता और त्रिपुरा प्रदेश अध्यक्ष की कमान अभिषेक देबरॉय को सौंपी है।
हर्ष मल्होत्रा केंद्रीय मंत्रिमंडल में भी शामिल हैं और उनके पास सड़क परिवहन मंत्रालय में राज्यमंत्री की जिम्मेदारी है। हर्ष मल्होत्रा को अब भाजपा दिल्ली प्रदेश का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
अर्चना गुप्ता को मिली हरियाणा की जिम्मेदारी
लंबे समय से चल रही अटकलों को विराम देते हुए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने डा. अर्चना गुप्ता को हरियाणा भाजपा का नया अध्यक्ष बनाया है। निवर्तमान अध्यक्ष मोहन लाल बडौली के स्थान पर डा. अर्चना गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अर्चना गुप्ता अभी तक मोहन लाल बडौली की टीम में प्रदेश महामंत्री के रूप में काम कर रही थी। हरियाणा भाजपा के इतिहास में यह पहला मौका है, जब किसी महिला को प्रदेश अध्यक्ष की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। डा. अर्चना गुप्ता को दी गई जिम्मेदारी को भाजपा द्वारा महिला नेतृत्व और संगठनात्मक अनुभव पर भरोसे के रूप में देखा जा रहा है।
डा. अर्चना गुप्ता मूल रूप से पानीपत की रहने वाली हैं और व्यवसाय से रेडियोलाजिस्ट हैं। नौ जुलाई 2024 को जब राई के पूर्व विधायक मोहन लाल बडौली को प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, तब उनकी टीम में शामिल तीन महामंत्रियों कृष्ण कुमार बेदी और सुरेंद्र पुनिया के साथ डा. अर्चना गुप्ता को भी यह दायित्व सौंपा गया था। तब से उन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार मेहनत की।
अभिषेक देबरॉय को त्रिपुरा का प्रदेश का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
केवल सिंह ढिल्लों की पंजाब की जिम्मेदारी
पंजाब में अगले साल चुनाव होने हैं, चुनाव से पहले बीजेपी के भीतर बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। बीजेपी ने सुनील जाखड़ की जगह पंजाब प्रदेश अध्यक्ष की कमान सरदार केवल सिंह ढिल्लों को सौंप दी है।




















