अंबिकापुर: सरगुजा जिले के उदयपुर क्षेत्र में आदिवासी जमीन को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। आरोप है कि जमीन माफियाओं द्वारा पंडो जनजाति की जमीन पर कब्जा कर अवैध प्लाटिंग की जा रही है। मामले में फर्जी दस्तावेज, भू अभिलेखों में कूटरचना और नियमों की अनदेखी के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

जानकारी के अनुसार उदयपुर तहसील कार्यालय से महज एक किलोमीटर दूर स्थित ग्राम सोनतराई में पंडो जनजाति के भोकलू पंडो की जमीन को रायपुर निवासी सामान्य वर्ग के व्यक्ति चिराग अग्रवाल के नाम पर दर्ज कर दिया गया है। आरोप है कि आदिवासी की जमीन को नियम विरुद्ध तरीके से अपने नाम पर कराकर अवैध प्लाटिंग का खेल चलाया जा रहा है।

मामले को लेकर भोकलू पंडो के परिजनों ने उदयपुर तहसीलदार से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि जमीन हस्तांतरण में फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया और भू अभिलेख व सेटलमेंट रिकॉर्ड में कूटरचना कर जमीन को दूसरे व्यक्ति के नाम दर्ज कराया गया।

इस पूरे मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। अब शिकायत के बाद प्रशासनिक जांच और कार्रवाई पर सभी की नजर टिकी हुई है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!