

अंबिकापुर: संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने नशीले इंजेक्शनों की अवैध बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 20 प्रतिबंधित इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि बटवाही चौकी रघुनाथपुर निवासी साहिल तिर्की गंगापुर स्थित श्याम लॉज में ठहरा हुआ है और अंबिकापुर शहर में घूम-घूमकर नशीले इंजेक्शनों की बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने श्याम लॉज के कमरा नंबर-105 में दबिश दी।तलाशी के दौरान साहिल तिर्की के कब्जे से 10 रेक्सोजेसिक इंजेक्शन और 10 एविल इंजेक्शन, कुल 20 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए। सभी इंजेक्शनों को जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(बी) के तहत कार्रवाई की गई।पूछताछ में आरोपी से नशीले इंजेक्शनों की खरीद-फरोख्त से जुड़े अहम सुराग मिले हैं। नशीले इंजेक्शन उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश जारी है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई का नेतृत्व सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने किया। अभियान में आबकारी प्रधान आरक्षक अशोक सोनी, नगर सैनिक रणविजय सिंह एवं रोहित सोनवानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।











