

अंबिकापुर: संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने अवैध महुआ शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गंगापुर के नालापारा निवासी विजय गिरी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 15 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब, 200 किलोग्राम महुआ लाहनऔर एक संचालित भट्ठी बरामद की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की गई।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि विजय गिरी अपने घर में भारी मात्रा में महुआ लाहन और अवैध महुआ शराब तैयार कर रखे हुए है। सूचना मिलते ही सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में उड़नदस्ता टीम ने नालापारा गंगापुर स्थित आरोपी के घर पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान घर के एक कमरे से 15 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब, 200 किलोग्राम महुआ लाहनतथा शराब बनाने में उपयोग की जा रही एक चढ़ी भट्ठी बरामद हुई। मौके पर ही आरोपी विजय गिरी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज किया गया।
आबकारी विभाग ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने किया। अभियान में आबकारी उप निरीक्षक रमेश दुबे, प्रधान आरक्षक अशोक सोनी, नगर सैनिक रोहित सोनवानी तथा महिला सैनिक राजकुमारी सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











